You’re viewing a text-only version of this website that uses less data. View the main version of the website including all images and videos.
ग़ाज़ियाबाद के खोड़ा में छात्र की हत्या के अभियुक्त की एनकाउंटर में मौत, पुलिस ने क्या बताया
दिल्ली से सटे ग़ाज़ियाबाद में 11वीं के एक छात्र की हत्या के मुख्य अभियुक्त की रविवार की सुबह (31 मई 2026) एक पुलिस एनकाउंटर में घायल होने के बाद मौत हो गई.
ग़ाज़ियाबाद पुलिस ने इस बारे में जानकारी देते हुए बताया कि मुठभेड़ में मारे गए असद की खोड़ा इलाक़े में रहने वाले सूर्या चौहान की चाकू मारकर की गई हत्या के सिलसिले में तलाश थी.
पुलिस ने बताया कि चाकू लगने के बाद सूर्या चौहान गंभीर रूप से घायल हो गए थे. ग़ाज़ियाबाद में इस मामले को लेकर तनाव है.
ट्रांस हिंडन एरिया के पुलिस उपायुक्त धवल जायसवाल ने पत्रकारों को इस संबंध में जानकारी देते हुए बताया, ''28 मई को थाना खोड़ा के तहत असद नाम के एक लड़के ने सूर्या चौहान को चाकू मार दिया था. इलाज के दौरान सूर्या चौहान की मौत हो गई थी.''
''मामले में सूर्या चौहान के परिवार ने तहरीर दी थी. इसमें पांच अभियुक्तों के ख़िलाफ़ मुक़दमा रजिस्टर्ड किया गया था. तीन अभियुक्तों की गिरफ़्तारी 30 तारीख़ को की गई थी.''
उन्होंने बताया कि मुख्य अभियुक्त असद फ़रार था. उस पर 50 हज़ार रुपये का ईनाम था.
उनके मुताबिक़, ''पुलिस को सूचना मिली कि असद अपने साथियों से पैसा लेकर कहीं बाहर फ़रार होने की फ़िराक में है. इस सूचना के आधार पर एसीपी इंदिरापुरम के नेतृत्व में थाना खोड़ा और थाना इंदिरापुरम की टीम लगातार यहां कॉम्बिंग कर रही थी.''
उन्होंने बताया, ''पुलिस ने बैरिकेडिंग लगा रखी थी. उसी दौरान असद अपने एक साथी के साथ बाइक से आता दिखा. रोकने पर असद ने पुलिस पर गोलियां चलानी शुरू कर दीं. पुलिस की जवाबी गोलियों से असद घायल हो गया. उसे अस्पताल में भर्ती कराया गया. इस फ़ायरिंग में एक कॉन्स्टेबल भी घायल हो गया. इलाज के दौरान असद की मौत हो गई.''
उन्होंने बताया कि बाइक चलाने को लेकर असद और सूर्या में झगड़ा हुआ था. इसके बाद ही असद ने सूर्या को मारा था.
मारे गए छात्र की मां ने क्या कहा
सूर्या चौहान की मां सरोज ने समाचार एजेंसी एएनआई से कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, यूपी के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ, पुलिस विभाग और मीडिया के सहयोग से उनके बच्चे (सूर्या चौहान) को न्याय मिला.
उन्होंने कहा कि इसके लिए वो सबको धन्यवाद देती हैं.
उन्होंने कहा, ''जो छह लोग इस मामले में अभियुक्त हैं, उनके घरों पर बुलडोज़र चलना चाहिए. चाहे वो यहां किराये पर रह रहे हैं या फिर उनके गांव में घर हो, सब पर बुलडोज़र चले. जैसे असद ने मेरे घर का चिराग छीना है, वैसे ही सातों का सत्यानाश होना चाहिए.''
राजनीतिक दलों के नेताओं ने क्या कहा
30 मई को यूपी के उप मुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्या ने समाचार एजेंसी आईएएनएस से कहा, ''जानकारी हो गई है. एक दुखद घटना हो गई है. जो दोषी होंगे कार्रवाई होगी.''
जबकि इसी दिन बहुजन समाज पार्टी की प्रमुख और यूपी की पूर्व सीएम मायावती ने सूर्या चौहान की हत्या के मामले में प्रतिक्रिया दी थी.
उन्होंने सोशल मीडिया प्लेटफ़ॉर्म एक्स पर लिखा, ''यूपी के ज़िला ग़ाज़ियाबाद में खोड़ा के एक नौजवान युवक सूर्या चौहान की हुई हत्या की घटना अति दुखद और चिन्ताजनक है. इस प्रकार की आए दिन हो रही घटनाओं की रोकथाम के लिए शासन और प्रशासन को सही क़दम उठाने की ज़रूरत है. साथ ही इस घटना में शामिल अपराधियों की पहचान करके उन्हें क़ानूनी सज़ा ज़रूर दी जाए.''
उन्होंने लिखा, ''इसके साथ ही चुनाव का समय जैसे-जैसे नज़दीक आता जाएगा, ऐसी घटनाओं के व्यापक दुष्परिणाम होंगे. अतः सरकार पूरी तरह सतर्क रहे.''
30 मई को ही यूपी सरकार में मंत्री ओमप्रकाश राजभर ने इस घटना पर प्रतिक्रिया देते हुए समाचार एजेंसी एएनआई से बातचीत में कहा कि इस घटना पर समाजवादी पार्टी प्रमुख अखिलेश यादव को बोलना चाहिए था.
बीबीसी के लिए कलेक्टिव न्यूज़रूम की ओर से प्रकाशित.