ख़ूबसूरत कब्रिस्तान है ताजमहल, घर में रखना अशुभ: अनिल विज

प्रकाशित

अगर आपको लगता है कि ताजमहल पर होने वाली बयानबाजी अब बंद हो गई है तो आप ग़लत हैं.

हरियाणा सरकार में मंत्री अनिल विज का कहना है कि ताजमहल एक ख़ूबसूरत कब्रिस्तान है और इसीलिए घरों में ताजमहल का मॉडल रखना अशुभ मानते हैं.

विज ने यह बात अपने आधिकारिक ट्विटर हैंडल पर कही है. जाहिर है, इस पर तरह-तरह की प्रतिक्रियाएं आनी तय थीं.

उनके ट्वीट के जवाब में लोग धड़ाधड़ ट्वीट करने लगे. एक यूज़र ने कहा,''ताजमहल एक भारत की मिसाल है. भारत को ताजमहल से लोग पहचानते हैं.''

एस. एस. बिश्नोई ने ट्वीट किया, ''कब्रिस्तान-श्मशान के अलावा कोई और मुद्दा दिखाई नहीं देता क्या? जनता की तकलीफ समझो वर्ना चुनाव में तुम्हारी राजनीति की कब्र जरूर खोद देगी.''

एक अन्य ट्विटर यूज़र ने लिखा,''प्रेमी जोड़ों के घर में जाके देखो. मोहब्बत की निशानी मिलेगा.'' कंवलजीत सिंह ने तंज किया,''इसलिए यूपी के हर सरकारी दफ़्तर में है.''

संजय कुमार ने चुटकी ली,''मंदिर या कब्रिस्तान? एक बात पर रहो यार.'' रवि तिवारी ने पूछा,''हद हो गई है. इस प्रकार के ट्वीट करने का मतलब क्या है? सुर्खिया में रहना चाहते हैं सिर्फ.''

कुछ दिनों पहले बीजेपी विधायक संगीत सोम ने ताजमहल को भारत इतिहास का हिस्सा मानने पर आपत्ति जताई थी. उन्होंने कहा था,''कैसा इतिहास? उसको बनाने वाला हिंदुओं को मिटाना चाहता था.''

इस पर काफी विवाद हुआ था और खुद मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ को इस बारे में सफाई देनी पड़ी थी.

(बीबीसी हिन्दी के एंड्रॉएड ऐप के लिए आप यहां क्लिक कर सकते हैं. आप हमें फ़ेसबुक और ट्विटर पर फ़ॉलो भी कर सकते हैं.)