You’re viewing a text-only version of this website that uses less data. View the main version of the website including all images and videos.

Take me to the main website

लाइव, वैभव सूर्यवंशी को लेकर अमिताभ बच्चन ने क्या कहा?

बॉलीवुड अभिनेता अमिताभ बच्चन ने शुक्रवार देर रात एक एक्स पोस्ट में क्रिकेटर वैभव सूर्यवंशी की तारीफ़ की है.

लाइव कवरेज

रौनक भैड़ा

  1. वैभव सूर्यवंशी को लेकर अमिताभ बच्चन ने क्या कहा?

    बॉलीवुड अभिनेता अमिताभ बच्चन ने शुक्रवार देर रात एक एक्स पोस्ट में क्रिकेटर वैभव सूर्यवंशी की तारीफ़ की है.

    अमिताभ बच्चन ने एक्स पोस्ट में लिखा, "सूर्यवंशी - 15 साल की उम्र का अद्भुत सूर्या. इस उम्र में तो हम बंटे और गुल्ली-डंडा भी ठीक से नहीं खेल पा रहे थे."

    वहीं पूर्व क्रिकेटर युवराज सिंह ने एक एक्स पोस्ट में लिखा, " वैभव इतनी कम उम्र में ताक़त और परिपक्वता के साथ खेल रहे हैं. भारतीय क्रिकेट के भविष्य के लिए यह शानदार संकेत है."

    गौरतलब है कि शुक्रवार को राजस्थान रॉयल्स और गुजरात टाइटन्स के बीच हुआ मुक़ाबला हुआ था.

    यह मैच गुजरात टाइटन्स के नाम रहा और वह 7 विकेट से जीत गई. इसी के साथ राजस्थान रॉयल्स आईपीएल 2026 से बाहर हो गई.

    वैभव ने 47 गेंद में 97 रन बनाए. उनकी पारी में 7 छक्के शामिल रहे. इस पारी के दौरान भी वैभव का स्ट्राइक 200 से ज़्यादा का ही रहा.

  2. कर्नाटक में आज शाम कांग्रेस विधायक दल की बैठक, डीके शिवकुमार चुने जा सकते हैं नेता

    कर्नाटक की राजधानी बेंगलुरु में आज (शनिवार) शाम कांग्रेस विधायक दल (सीएलपी) की बैठक होनी है. इस बैठक में नए नेता नेता को चुना जाएगा.

    कांग्रेस विधायक दल (सीएलपी) के सचिव अल्लामाप्रभु पाटिल ने एक अधिसूचना में कहा कि यह बैठक विधानसभा के कॉन्फ़्रेंस हॉल में आयोजित की जाएगी.

    समाचार एजेंसी पीटीआई के मुताबिक़, सिद्धारमैया सरकार में उप मुख्यमंत्री रहे डीके शिवकुमार को सीएलपी का नेता चुना जा सकता है.

    पीटीआई ने सूत्रों के हवाले से बताया है कि सिद्धारमैया ख़ुद शिवकुमार का नाम नए नेता के तौर पर प्रस्तावित कर सकते हैं या फिर एक लाइन का प्रस्ताव पास कर कांग्रेस हाईकमान को नेता चुनने का अधिकार दिया जा सकता है.

    गौरतलब है कि कर्नाटक सिद्धारमैया ने कर्नाटक के मुख्यमंत्री पद से 28 मई 2026 को इस्तीफ़ा दे दिया था.

  3. मोहम्मद कैफ़ बोले- वैभव को मिले टी 20 और ओडीआई में मौका, भले किसी को भी बाहर करना पड़े

    आईपीएल 2026 से भले ही राजस्थान रॉयल्स बाहर हो गई है, लेकिन वैभव सूर्यवंशी ने अपने शानदार प्रदर्शन पर खूब तारीफ़ें बटोरी हैं. अब टीम इंडिया के पूर्व क्रिकेटर मोहम्मद कैफ़ की टिप्पणी सामने आई है.

    मोहम्मद कैफ़ ने कहा है कि वैभव सूर्यवंशी को टी 20 और ओडीआई में मौका मिलना चाहिए, भले टीम में से किसी को भी बाहर करना पड़े.

    मोहम्मद कैफ़ ने सोशल मीडिया प्लेटफ़ॉर्म एक्स पर लिखा, "वैभव सूर्यवंशी को जल्दी से टी 20 और ओडीआई में मौका देना चाहिए. इससे फ़र्क़ नहीं पड़ता कि किसे बाहर करना पड़े."

    उन्होंने लिखा, "उसके (वैभव) टैलेंट पर भरोसा करो, उसे मौका दो और लंबा समय भी दो. जो वह कर सकता है, कोई और नहीं कर सकता. यह कोई जोखिम नहीं है, यह भरोसेमंद कदम है."

    गौरतलब है कि शुक्रवार को राजस्थान रॉयल्स और गुजरात टाइटन्स के बीच हुए मुक़ाबले में वैभव ने 47 गेंद में 97 रन बनाए. उनकी पारी में 7 छक्के शामिल रहे. इस पारी के दौरान भी वैभव का स्ट्राइक 200 से ज़्यादा का ही रहा.

    हालांकि, मुक़ाबला गुजरात टाइटन्स के नाम रहा और वह 7 विकेट से जीत गई.

  4. विनेश फोगाट को एशियन गेम्स ट्रायल्स में 53 किलो वज़न कैटेगरी में खेलने की इजाज़त मिली

    रेसलर विनेश फोगाट को एशियन गेम्स ट्रायल्स में महिलाओं की 53 किलो वज़न कैटेगरी में खेलने की इजाज़त मिल गई है.

    न्यूज़ एजेंसी पीटीआई के मुताबिक़, पहले भारतीय कुश्ती संघ (डब्ल्यूएफ़आई) ने उन्हें सिर्फ़ 50 किलो वर्ग में खेलने की अनुमति दी थी, लेकिन बाद में अपना फ़ैसला बदल दिया.

    रेसलर विनेश ने इस फ़ैसले का कड़ा विरोध किया था और फ़ेडरेशन पर भेदभाव का आरोप लगाया. उन्होंने कहा कि उन्हें अपनी पसंद के वज़न वर्ग में खेलने का मौका नहीं दिया जा रहा है.

    इसके बाद डब्ल्यूएफ़आई अध्यक्ष संजय सिंह ने हस्तक्षेप किया और विनेश को 53 किलो वर्ग के ट्रायल्स में भी उतरने की अनुमति दी.

    संजय सिंह ने कहा, "हमने उन्हें (विनेश) इजाज़त दी क्योंकि उन्होंने आरोप लगाए और अधिकारियों से उनका वज़न मापने के लिए कहा. हम किसी के साथ भेदभाव नहीं करना चाहते. उन्होंने यह नहीं बताया कि किस वर्ग में खेलना चाहती है, फिर भी हमने उन्हें मौका दिया."

    गौरतलब है कि सुप्रीम कोर्ट ने शुक्रवार को ही फ़ैसला दिया कि रेसलर विनेश फोगाट को एशियन गेम्स 2026 के लिए होने वाले ट्रायल में हिस्सा ले सकती हैं.

  5. आईपीएल 2026: ऋषभ पंत के कप्तानी छोड़ने के लिए ललित मोदी ने किसे ज़िम्मेदार ठहराया

    आईपीएल के पूर्व चेयरमैन ललित मोदी ने ऋषभ पंत के लखनऊ सुपर जायंट्स (एलएसजी) की कप्तानी छोड़ने पर फ़्रेंचाइज़ी के मालिक संजीव गोयनका को ज़िम्मेदार ठहराया है.

    ललित मोदी ने कहा कि ये एलएसजी के लिए दुख का दिन है, जब मालिक ने ऐसे हालात बना दिए कि एक खिलाड़ी को इस्तीफ़ा देना पड़ गया.

    ललित मोदी ने एक एक्स पोस्ट में लिखा, "संजीव गोयनका मीडिया में बार-बार कहते रहे कि वो ऋषभ को 10-15 साल तक टीम में रखेंगे. लेकिन हक़ीक़त ये है कि यह युवा खिलाड़ी एक दिन से भी ज़्यादा इस मालिक की टीम में नहीं रह पाया क्योंकि उसे सबके सामने बेइज़्ज़ती झेलनी पड़ी."

    उन्होंने कहा, "अब एक नया सवाल उठता है कि नीलामी में चुने जाने के बाद क्या खिलाड़ी के पास ये हक़ है कि वो उस टीम के लिए खेलने से मना कर सके जिसका माहौल ख़राब होगा? जवाब है- नहीं. तो क्या ये सही है कि उसे ऐसे मालिक के लिए खेलना पड़े जहां माहौल ख़राब हो. बिल्कुल नहीं."

    ललित मोदी ने आगे लिखा, "मेरे पास इसका समाधान है. खिलाड़ियों के पास 'शिकायत बॉक्स' होना चाहिए जहां वे शिकायत कर सकें. अगर कोई मालिक शिकायत की जाँच में दोषी मिले तो उसे खिलाड़ियों से बातचीत पर रोक लगा देनी चाहिए. ऐसे सख़्त क़दम उठाने ज़रूरी हैं ताकि खिलाड़ियों की मानसिक सेहत सुरक्षित रहे."

    आईपीएल 2026 से लखनऊ सुपर जायंट्स के बाहर होने के बाद ऋषभ पंत ने कप्तानी छोड़ दी. इसकी पुष्टि शुक्रवार को टीम ने एक्स हैंडल पर की.

    आईपीएल 2026 में लखनऊ सुपर जायंट्स ने लगातार खराब प्रदर्शन किया.

    पंत को साल 2025 के ऑक्शन में एलएसजी ने 27 करोड़ की कीमत पर अपनी टीम में शामिल किया था.

    हालांकि, आईपीएल 2025 में भी ऋषभ पंत और टीम का प्रदर्शन अच्छा नहीं रहा.

  6. पाकिस्तान की तारीफ़ में अब क्या बोले अमेरिकी विदेश मंत्री रुबियो

    अमेरिकी विदेश मंत्री मार्को रुबियो ने कहा है कि मध्य पूर्व में शांति को आगे बढ़ाने में पाकिस्तान की भूमिका है. इसके लिए उन्होंने पाकिस्तान का शुक्रिया भी अदा किया.

    मार्को रुबियो ने यह बयान शुक्रवार को पाकिस्तान के उप प्रधानमंत्री और विदेश मंत्री इसहाक़ डार से मुलाक़ात के बाद दिया है.

    मार्को रुबियो ने सोशल मीडिया प्लेटफ़ॉर्म एक्स पर लिखा, "पाकिस्तान के डिप्टी प्रधानमंत्री और विदेश मंत्री इसहाक़ डार से मुलाक़ात की. उन्हें धन्यवाद दिया कि पाकिस्तान लगातार मध्य पूर्व में शांति को आगे बढ़ाने में भूमिका निभा रहा है."

    उन्होंने लिखा, "हमने इस बात पर सहमति जताई कि साथ मिलकर काम करना ज़रूरी है ताकि हमारी साझेदारी और मजबूत हो सके, जिससे दोनों देशों की और अधिक तरक्की हो."

    दूसरी ओर, पाकिस्तान के विदेश मंत्रालय ने कहा कि बैठक के दौरान दोनों नेताओं ने "बदलते क्षेत्रीय और अंतरराष्ट्रीय हालात पर चर्चा की."

    पाकिस्तान के विदेश मंत्रालय के बयान में यह भी कहा गया, "विदेश मंत्री रुबियो ने क्षेत्र में शांति और स्थिरता के लिए पाकिस्तान की कोशिशों को स्वीकार किया."

    गौरतलब है कि पाकिस्तान के विदेश मंत्री इसहाक़ डार शुक्रवार को ही अमेरिका पहुंचे थे.

    यह दौरा उस वक़्त हो रहा है, जब यह माना जा रहा है कि अमेरिका और ईरान के बीच जल्द ही कोई समझौता हो सकता है.

  7. डोनाल्ड ट्रंप ने 'ईरान युद्ध' पर की बैठक, जानें क्या निकला नतीजा, ईफ़ा वॉल्श

    अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने अपने प्रमुख सलाहकारों के साथ ईरान युद्ध पर बैठक की. हालांकि, इस बैठक के बाद भी अमेरिका की आगे की रणनीति स्पष्ट नहीं हो पाई है.

    व्हाइट हाउस में शुक्रवार को बैठक सिचुएशन रूम में हुई.

    इस जगह का इस्तेमाल बड़े संकटों से निपटने से जुड़ी रणनीति बनाने या चर्चा करने के लिए होता है.

    बैठक की जानकारी देते हुए व्हाइट हाउस के एक अधिकारी ने बीबीसी को सिर्फ़ इतना ही बताया कि 'मीटिंग ख़त्म हो गई है.'

    अधिकारी ने इसके अलावा और जानकारी साझा नहीं की.

    व्हाइट हाउस के एक अधिकारी ने सीबीएस न्यूज़ को बताया, "राष्ट्रपति ट्रंप केवल वही समझौता करेंगे जो अमेरिका के लिए अच्छा होगा और जिससे उनकी शर्तें पूरी होंगी. ईरान कभी परमाणु हथियार नहीं रख सकता."

    गौरतलब है कि इससे पहले गुरुवार को अमेरिका और ईरान ने एक शुरुआती समझौते का फ़्रेमवर्क तैयार किया था. इसे "मेमोरेंडम ऑफ़ अंडरस्टैंडिंग" कहा जा रहा है. लेकिन ये समझौता तभी पक्का होगा जब ट्रंप प्रशासन और ईरान की सरकार इसे मंज़ूरी देंगे.

    यदि यह समझौता लागू होता है तो युद्धविराम (सीज़फ़ायर) को 60 दिन और बढ़ाया जाएगा. साथ ही, ईरान के परमाणु कार्यक्रम के भविष्य पर बातचीत शुरू करने की योजना है. हालांकि, इस पर अभी तक मंज़ूरी नहीं मिल पाई है.