भारत-पाकिस्तान: एक दूसरे के सैनिक मारने का दावा

प्रकाशित

पाकिस्तान और भारत ने नियंत्रण रेखा पर गोलीबारी के लिए एक-दूसरे को दोषी ठहराया है और इस गोलीबारी के चलते कई सैनिको के मारे जाने का दावा किया है.

भारतीय सेना ने मंगलवार को पाकिस्तानी सैनिकों के ख़िलाफ़ जवाबी कार्रवाई करने का दावा किया.

समाचार एजेंसी पीटीआई की रिपोर्ट के मुताबिक़ जम्मू और कश्मीर के पुंछ ज़िले में नियंत्रण रेखा पर भारतीय सेना की जवाबी कार्रवाई में पाकिस्तान के सात सैनिक मारे गए. इसके अलावा चार अन्य लोग घायल भी हुए हैं.

शनिवार को राजौरी ज़िले में पाकिस्तान की तरफ़ से हुई फ़ायरिंग में एक भारतीय सैनिक की मौत हो गई थी. मंगलवार को उसी फ़ायरिंग के जवाब में भारत ने कार्रवाई की.

दूसरी तरफ़ पाकिस्तानी फौज़ ने इस गोलीबारी में अपने चार सैनिकों के मारे जाने की बात स्वीकार की है. लेकिन उन्होंने भी अपनी तरफ़ से जवाबी कार्रवाई का दावा किया और कहा कि उनके हमले में तीन भारतीय सैनिकों की मौत हो गई.

पाकिस्तानी सेना ने ये भी दावा किया है कि उसकी कार्रवाई में कुछ भारतीय घायल हुए हैं.

'संभावित कार्रवाई'

पिछले हफ्ते भारत के सेना प्रमुख जनरल बिपिन रावत ने कहा था कि उनकी फौज़ पाकिस्तान की 'परमाणु धमकी' से निपटने के लिए तैयार है और अगर सरकार आदेश दे तो भारतीय सेना पाकिस्तान की सीमा पार करने में संकोच नहीं करेगी.

इसके जवाब में पाकिस्तान ने भारत की किसी 'संभावित कार्रवाई' को लेकर चेताते हुए कहा है कि 'उसके परमाणु हथियार पूर्व की तरफ से आने वाले किसी ख़तरे से निपटने के लिए ख़ास तौर पर' बनाए गए हैं.

जनरल रावत ने कहा था, "हम पाकिस्तान की धमकी (परमाणु) का जवाब देंगे. अगर हमें सचमुच पाकिस्तानियों से मुक़ाबला करना पड़ा और अगर हमें ऐसा करने के लिए कहा गया तो हम ये नहीं कहेंगे कि हम इसलिए सीमा पार नहीं कर सकते हैं क्योंकि उनके पास परमाणु हथियार हैं. हम उनकी परमाणु धमकी का जवाब देंगे."

(बीबीसी हिन्दी के एंड्रॉएड ऐप के लिए आप यहां क्लिक कर सकते हैं. आप हमें फ़ेसबुक और ट्विटर पर फ़ॉलो भी कर सकते हैं.)